80 से अधिक परिवेदनाएं पहुंचीं जनसुनवाई में, 20 मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान

उदयपुर। सांसद मन्नालाल रावत की जनसुनवाई में सोमवार को 80 से अधिक संगठनात्मक और व्यक्तिगत शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 20 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जनसुनवाई जिला परिषद स्थित सांसद कार्यालय में हुई, जहां शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी प्रतिनिधिमंडल पहुंचे।

अधिकांश शिकायतें जनसमस्याओं, स्थानांतरण, प्रतिनियुक्ति और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर आईं। पवन कुमार बाजिया समेत कई लोगों ने व्यक्तिगत समस्याएं रखीं। शहर के सुखाड़िया सर्कल स्थित रेलवे प्रशिक्षण केंद्र परिसर में संचालित सरकारी स्कूल की जर्जर हालत की शिकायत सांसद से की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बरसात में स्कूल में पढ़ाई बाधित हो रही है और हाल ही में बने रेलवे गेस्ट हाउस से वेंटिलेशन भी रुक गया है। सांसद ने रेलवे अधिकारियों से बातचीत कर स्कूल प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया। सांसद ने बताया कि वे स्वयं यह स्कूल देख चुके हैं और विद्यार्थियों की समस्याएं समझते हैं।

सलूंबर क्षेत्र से आए सल्लाडा विकास मंच के प्रतिनिधिमंडल ने नव सृजित सलूंबर जिले में बुनियादी ढांचे के शीघ्र विकास की मांग की। जयसमंद रोड रेलवे स्टेशन को प्रमुख स्टेशन का दर्जा देने, उसे सलूंबर और आसपास के मेवल क्षेत्र से जोड़ने और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

जयसमंद भाजपा मंडल के महामंत्री रीडसिंह और देहात जिलामंत्री मेघसिंह सिसोदिया ने जावद ब्रांच पोस्ट ऑफिस को उप डाकघर बनाने की मांग रखी। वार्ड 41 निवासी लोकेश पारख ने मादड़ी पुरोहितान क्षेत्र में पानी की टंकी की क्षतिग्रस्त दीवार को लेकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण क्षेत्रों से आई अन्य मांगों में उम्बरीयार फलां की सड़क का डामरीकरण, खेजड़िया काड़ में आंगनवाड़ी केंद्र की स्वीकृति और रेठड़ा पंचायत समिति को नयागांव से अलग रखने संबंधी मांगें प्रमुख रहीं।

डॉ एमसी मिश्रा ने सेटेलाइट हॉस्पिटल में डॉक्टरों के व्यवहार, सेक्टर 5 पोस्ट ऑफिस में आधार कार्यों में अनियमितता और ईमित्र लाइसेंसधारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की। साथ ही कलेक्टर बंगले के सामने बने अवैध मिनी बस स्टैंड को हटाने की बात भी रखी गई।

रेलवे सुविधा के विस्तार को लेकर भी कई सुझाव आए। सुरेश कुमार जैन ने अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, लोकशक्ति एक्सप्रेस और गुजरात मेल को उदयपुर तक विस्तारित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि ये ट्रेनें संबंधित स्टेशनों पर लंबे समय तक खड़ी रहती हैं, जिन्हें उदयपुर तक बढ़ाने से तीर्थयात्रियों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।

Magic Photo Editor drops ₹12,579 before Pixel 11 launch! Jio’s Best Offer: Free WiFi for 1 Month, 100Mbps Internet! OnePlus DSLR-like camera phone drops ₹12,182, packed with features!