सीनियर सिटीजन्स को FD पर मिल रहा 8.6% तक का ब्याज

उदयपुर, 28 नवंबर: आम नागरिकों के मुकाबले सीनियर सिटीजन्स को इस समय फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर ज्यादा ब्याज मिल रहा है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच एफडी गारंटीड रिटर्न के साथ एक भरोसेमंद इन्वेस्टमेंट ऑप्शन बनी हुई है। अलग-अलग बैंक काफी आकर्षक ब्याज दरें ऑफर कर रहे हैं, वहीं कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक तो सीनियर सिटीजन्स को 8.6% तक का ब्याज दे रहे हैं।
कहां मिल रहा 8.6% ब्याज?
इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक इस समय सीनियर सिटीजन्स को 8.60% ब्याज दे रहे हैं। इसके अलावा, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट पर 8.50% तक का ब्याज ऑफर कर रहे हैं।
इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक तीन साल और एक दिन की एफडी पर 8.6% ब्याज दे रहा है। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 30 महीने से 36 महीने की एफडी पर 7.9% ब्याज दे रहा है। जन स्मॉल फाइनेंस बैंक तीन साल की एफडी पर 8.3% ब्याज ऑफर कर रहा है, जबकि शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक 23 महीने एक दिन से लेकर 27 महीने की एफडी पर 8.25% ब्याज दे रहा है।
प्राइवेट बैंक दे रहे 8% तक ब्याज
यस बैंक सीनियर सिटीजन्स को 8% का ब्याज दे रहा है, जबकि बंधन बैंक 7.95% ब्याज ऑफर कर रहा है। इंडसइंड बैंक अपने ग्राहकों को 7.85% ब्याज दे रहा है।
सिटी यूनियन बैंक 556 दिन से तीन साल तक की एफडी पर 7.5% ब्याज दे रहा है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 500 दिन से दो साल तक की एफडी पर 7.5% ब्याज ऑफर कर रहा है। इसके अलावा, आरबीएल बैंक 18 महीने से लेकर दो साल तीन दिन से कम की एफडी पर सीनियर सिटीजन्स को 7.8% ब्याज दे रहा है।
सरकारी बैंकों की ब्याज दरें
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 2222 दिन से 3333 दिन की एफडी पर सीनियर सिटीजन्स को 7.50% ब्याज दे रहा है। मार्केट डेटा के मुताबिक, कोई भी दूसरा सरकारी बैंक इतनी ज्यादा ब्याज दर नहीं दे रहा है।

