एग्रोविजन 2026 में महिंद्रा ने पेश किया इथेनॉल से चलने वाला नया ट्रैक्टर

नागपुर, 28 नवंबर: महिंद्रा ने खेती के लिए एक नए तरह का ट्रैक्टर पेश किया है, जो डीजल की जगह इथेनॉल और पेट्रोल के मिक्स से चलता है। कंपनी ने महाराष्ट्र के नागपुर में 27 से 30 नवंबर तक चल रहे ‘एग्रोविजन 2026’ में पहली बार अपना इथेनॉल फ्लेक्स-फ्यूल ट्रैक्टर शोकेस किया। खास बात यह है कि यह ट्रैक्टर गन्ने, मक्के और फसल के अवशेषों से बने इथेनॉल से चल सकता है।
इथेनॉल से चलने वाला ट्रैक्टर
महिंद्रा ट्रैक्टर्स का यह इथेनॉल फ्लेक्स-फ्यूल ट्रैक्टर नई फ्यूल टेक्नोलॉजी डेवलप करने की कंपनी की कोशिशों का हिस्सा है। इसे 49 HP युवो टेक+ प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह इथेनॉल और पेट्रोल के मिक्स पर चलने में पूरी तरह सक्षम है। इथेनॉल को गन्ने, मक्के, मक्के के छिलकों, फसल के बचे हुए हिस्सों और खेती से निकलने वाले दूसरे कचरे से तैयार किया जा सकता है।
नितिन गडकरी को दिखाया नया ट्रैक्टर
एग्रोविजन 2026 के दौरान, महिंद्रा ट्रैक्टर्स के सीईओ हर्ष राय ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सहित अन्य लोगों को यह ट्रैक्टर दिखाया। कंपनी का मानना है कि खेती में काम आने वाले ट्रैक्टरों के लिए नए तरह के फ्यूल तैयार करना बहुत जरूरी है। इथेनॉल-पेट्रोल मिक्स से चलने की खासियत ही इसे आम डीजल ट्रैक्टरों से अलग बनाती है। हालांकि, इसके माइलेज, कीमत और बाजार में लॉन्च की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
50 HP का नया ट्रैक्टर भी किया पेश
महिंद्रा ने एग्रोविजन में अपना 50 HP का NOVO 605 DI PS 4WD ट्रैक्टर भी पेश किया। यह फोर-व्हील-ड्राइव ट्रैक्टर 2,700 किलोग्राम तक का वजन उठा सकता है। इसमें पार्शियल सिंक्रोमेश ट्रांसमिशन और 12/8 पैड क्लच दिया गया है। इसे उन किसानों के लिए डिजाइन किया गया है, जिन्हें खेती के भारी कामों के लिए ज्यादा लिफ्टिंग कैपेसिटी और दमदार ट्रैक्टर की जरूरत होती है।
अन्य मॉडल्स भी किए गए डिस्प्ले
कंपनी ने अपने स्टॉल पर OJA 2130 ट्रैक्टर को भी डिस्प्ले किया, जिसमें 950 किलोग्राम की लिफ्टिंग कैपेसिटी वाला थ्री-सिलेंडर डायरेक्ट इंजेक्शन इंजन दिया गया है। इसके PROJA वैरिएंट में 12 फॉरवर्ड और 12 रिवर्स गियर के साथ डिजीसेंस (myOJA) कनेक्टिविटी फीचर भी मिलता है। इस तरह, महिंद्रा ने एग्रोविजन 2026 में अपने नए इथेनॉल ट्रैक्टर के साथ-साथ NOVO और OJA रेंज के मॉडल्स को भी शोकेस किया।

