Skip to content
शनिवार, 28 नवंबर 2026
हिन्दी
ब्रेकिंग
BUSINESS

8वां वेतन आयोग: लद्दाख के सरकारी कर्मचारियों से मांगी गई अहम जानकारियां

लेह, 28 नवंबर: 8वें वेतन आयोग (Pay Commission) ने अपनी रिपोर्ट तैयार करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में, आयोग ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के सरकारी कर्मचारियों की सैलरी, पे-स्केल, प्रमोशन और करियर में तरक्की से जुड़ी पूरी डिटेल मांगी है। इसे लेकर लद्दाख के वित्त विभाग ने एक सर्कुलर भी जारी किया है।

लद्दाख के वित्त विभाग ने सर्कुलर में क्या कहा?

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के वित्त विभाग ने 26 नवंबर 2026 को एक सर्कुलर जारी किया। इसमें 8वें वेतन आयोग के लद्दाख दौरे के दौरान उठे सवालों के आधार पर हर विभाग से जानकारी मांगी गई है। सर्कुलर में कहा गया है, “8वें वेतन आयोग के लद्दाख दौरे के दौरान अलग-अलग विभागों और कर्मचारी संगठनों ने आयोग के सामने अपनी मांगें और समस्याएं रखी थीं। इनमें सैलरी स्ट्रक्चर, सैलरी से जुड़ी गड़बड़ियां, करियर में आगे बढ़ने के मौके और सर्विस से जुड़े दूसरे मसले शामिल थे।”

वेतन आयोग ने लद्दाख प्रशासन से कई सवाल पूछे हैं और इन मुद्दों पर पूरी डिटेल और जरूरी दस्तावेज मांगे हैं। वित्त विभाग ने सभी प्रशासनिक विभागों और अफसरों को तय समय के भीतर इन सवालों के जवाब देने का निर्देश दिया है, ताकि यह पूरी जानकारी जुटाकर 8वें वेतन आयोग को भेजी जा सके। जवाब भेजने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 तय की गई है और सर्कुलर में इस काम को बेहद जरूरी बताया गया है।

8वें वेतन आयोग ने पूछे 33 सवाल

वेतन आयोग ने लद्दाख प्रशासन के अलग-अलग विभागों से जुड़े 33 सवाल पूछे हैं। इनमें मौजूदा सैलरी स्ट्रक्चर, कर्मचारियों की संख्या, भर्ती के लिए जरूरी योग्यता, प्रमोशन के मौके और फाइनेंशियल अपग्रेड से जुड़ी योजनाओं की जानकारी शामिल है। आयोग ने मुख्य रूप से शिक्षा, बिजली, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। उदाहरण के तौर पर, स्कूल शिक्षा विभाग से जूनियर असिस्टेंट, सीनियर असिस्टेंट, टीचर्स, मास्टर्स, लेक्चरर्स और लाइब्रेरी असिस्टेंट्स की मौजूदा सैलरी और प्रमोशन स्ट्रक्चर की जानकारी मांगी गई है।

गौरतलब है कि 3 नवंबर 2025 को बने 8वें वेतन आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इसका मतलब है कि इसकी डेडलाइन मई 2027 के आसपास हो सकती है। हालांकि, 10 साल के चक्र के हिसाब से इसे लागू करने की संभावित तारीख 1 जनवरी 2026 मानी जा रही है, लेकिन सरकार ने अभी तक इसे लागू करने की सही तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।