दिसंबर में बैंक की छुट्टियां: देखें RBI की पूरी लिस्ट

उदयपुर, 28 नवंबर: साल का आखिरी महीना दिसंबर शुरू होने वाला है। अगर आप इस महीने बैंक से जुड़ा कोई काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की हो सकती है। रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (RBI) की छुट्टियों की लिस्ट के मुताबिक, दिसंबर में कई दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, पूरे देश में छुट्टियां एक जैसी नहीं होंगी; कुछ छुट्टियां सिर्फ खास राज्यों में होंगी, जबकि क्रिसमस और रविवार जैसी छुट्टियां पूरे देश में रहेंगी। आइए जानते हैं कि आने वाले महीने में बैंक कब-कब बंद रहेंगे।
1 दिसंबर से शुरू होंगी छुट्टियां
बैंकों की छुट्टियां 1 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी। हालांकि, इस दिन अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में ही बैंक बंद रहेंगे, क्योंकि वहां इंडिजिनस फेथ डे और राज्य स्थापना दिवस है। 3 दिसंबर को सेंट फ्रांसिस जेवियर के पर्व के मौके पर गोवा में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 6 दिसंबर को महीने का पहला रविवार है, इसलिए इस दिन देशभर में बैंकों की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी।
सिक्किम में लगातार छुट्टियां
9 से 11 दिसंबर तक सिक्किम में लोसूंग/नामसूंग त्योहार की वजह से बैंक बंद रहेंगे। 12 दिसंबर को पा तोगन नेंगमिंजा संगमा की पुण्यतिथि पर मेघालय में बैंकों की छुट्टी रहेगी। इसके अलावा, इस दिन महीने का दूसरा शनिवार भी है, इसलिए पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। 13 दिसंबर को रविवार होने की वजह से फिर छुट्टी रहेगी। इसके बाद, 18 दिसंबर को यू सोसो थाम की पुण्यतिथि पर मेघालय में और 19 दिसंबर को गोवा मुक्ति दिवस पर गोवा में बैंक बंद रहेंगे। 20 दिसंबर को रविवार के चलते बैंकों में कामकाज नहीं होगा।
क्रिसमस की छुट्टियां
24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर मिजोरम, नगालैंड और मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 25 दिसंबर को क्रिसमस के त्योहार पर देशभर के बैंकों में छुट्टी रहेगी। 26 दिसंबर को क्रिसमस के चलते नगालैंड और मेघालय में बैंक नहीं खुलेंगे, साथ ही महीने का चौथा शनिवार होने की वजह से पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। 30 दिसंबर को यू कियांग नांगबाह की पुण्यतिथि पर मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा, 31 दिसंबर को न्यू ईयर ईव के मौके पर मिजोरम में बैंकों की छुट्टी रहेगी।
दिसंबर में लगातार बंद रहेंगे बैंक
दिसंबर के आखिरी हफ्ते में भी बैंकों में लंबी छुट्टी रहेगी। 25 से 27 दिसंबर तक लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे। 25 दिसंबर शुक्रवार को क्रिसमस है, इसके बाद 26 दिसंबर को चौथा शनिवार और 27 दिसंबर को रविवार है, जिसकी वजह से देशभर में लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे। वहीं, पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में तो 24 दिसंबर से ही बैंक बंद हो जाएंगे।

