राजश्री पान मसाला विज्ञापन केस में सलमान खान को राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत
जोधपुर, 28 नवंबर, 2026 (उदयपुर किरण): राजश्री पान मसाला के कथित भ्रामक विज्ञापन से जुड़े मामले में अभिनेता सलमान खान को राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिल गई है. हाईकोर्ट ने जोधपुर के जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग-द्वितीय (कंज्यूमर कमीशन) में चल रही आगे की कार्रवाई पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है.
सलमान खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस डॉ. नूपुर भाटी की सिंगल बेंच ने नोटिस जारी किए हैं.

सलमान खान ने कंज्यूमर कमीशन के अधिकार क्षेत्र को दी चुनौती
सीनियर एडवोकेट विकास बालिया ने बताया कि सलमान खान ने अपनी याचिका में दलील दी है कि कंज्यूमर कमीशन के पास भ्रामक विज्ञापनों से जुड़े मामलों की सुनवाई का अधिकार क्षेत्र (ज्यूरिसडिक्शन) ही नहीं है.
याचिका में कहा गया कि सलमान खान केवल एक ब्रांड एंबेसडर के तौर पर इस ब्रांड से जुड़े थे. उनके खिलाफ कोई निजी जानकारी, अलग से कोई ठोस कारण या लापरवाही का कोई आरोप पेश नहीं किया गया है.
इसके बावजूद, कंज्यूमर कमीशन ने मामले से उनका नाम हटाने (पार्टी न बनाए रखने) वाली उनकी अर्जी खारिज कर दी थी.
याचिका में यह भी कहा गया कि कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट, 2019 के तहत, कमीशन के अधिकार क्षेत्र और इस कार्रवाई की वैधता से जुड़े कानूनी सवालों को मामले की आगे सुनवाई करने से पहले तय किया जाना चाहिए था. हालांकि, कमीशन ने कहा था कि इन आपत्तियों पर अंतिम सुनवाई के समय विचार किया जाएगा.
हाईकोर्ट ने आगे की कार्रवाई पर लगाई रोक
याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने मुख्य याचिका और स्टे एप्लीकेशन दोनों पर नोटिस जारी करने का आदेश दिया.
चूंकि दूसरे पक्षकार यानी राजश्री पान मसाला की ओर से वकील पहले से ही मौजूद थे, इसलिए कोर्ट ने प्रतिवादी नंबर एक, गजेंद्र कुमार को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया.
हाईकोर्ट ने कंज्यूमर कमीशन के सामने लंबित शिकायत संख्या 416/2025, गजेंद्र कुमार बनाम राजश्री पान मसाला मामले में आगे की सभी कार्यवाहियों पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है.
इसके चलते, कथित भ्रामक विज्ञापन से जुड़े इस मामले की कार्यवाही फिलहाल रुक जाएगी.
हाईकोर्ट ने अभी इस मामले के मेरिट्स (गुण-दोष) पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है.

