Skip to content
शनिवार, 28 नवंबर 2026
हिन्दी
ब्रेकिंग
SPORTS

एलिस्टर कुक ने की युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तारीफ, बोले- बन सकते हैं दुनिया के नंबर-1 बैटर

उदयपुर, 28 नवंबर: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक का मानना है कि भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आगे चलकर दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज बन सकते हैं। कुक ने कहा कि सूर्यवंशी यह मुकाम सिर्फ टी20 इंटरनेशनल में ही नहीं, बल्कि क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सूर्यवंशी जैसा बल्लेबाज पहले कभी नहीं देखा। हाल ही में सूर्यवंशी ने अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में यूएई के खिलाफ लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक भी जड़ा है।

टी20 क्रिकेट में मचा रहे हैं तहलका

कुक ने कहा, “मैंने सूर्यवंशी जैसा बैटर कभी नहीं देखा। जिस निरंतरता के साथ वह शॉट लगाते हैं और जिस तरह से तेज गेंदों पर भी छक्के जड़ते हैं, उससे साफ झलकता है कि वह लगातार ऐसा कर सकते हैं। टी20 क्रिकेट में उन्होंने अपनी जबरदस्त छाप छोड़ी है। आईपीएल में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है और आईपीएल दुनिया का सबसे बड़ा फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट है।”

क्वीन एलिजाबेथ स्कूल में एक एजुकेशनल प्रोग्राम के लॉन्च के दौरान पीटीआई से बातचीत में कुक ने आगे कहा, “हर दौर को एक ऐसे प्रेरणादायी खिलाड़ी की जरूरत होती है, जिसे देखकर बच्चे आगे बढ़ सकें। अगर सूर्यवंशी तीनों फॉर्मेट में ऐसा प्रदर्शन कर पाते हैं, तो यह टेस्ट क्रिकेट के लिए भी काफी अच्छा रहेगा। मैं चाहता हूं कि जैसे उन्होंने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में छाप छोड़ी है, वैसे ही वह रेड-बॉल क्रिकेट में भी कमाल दिखाएं।”

ऐसा टैलेंट पहले कभी नहीं देखा

उन्होंने आगे कहा, “उनके पास ऐसा हुनर है जो मैंने पहले कभी नहीं देखा। मुझे उम्मीद है कि वह टेस्ट क्रिकेट में भी खुद को साबित करना चाहेंगे। टेस्ट क्रिकेट को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो कुछ नया करने की हिम्मत रखते हों। हो सकता है कि वह सफल न हों, लेकिन इसमें कोई हर्ज नहीं है। वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में छाए हुए हैं और मुझे उम्मीद है कि वह टेस्ट में भी ऐसा ही करेंगे। क्रिकेट को ऐसे प्रेरणादायक खिलाड़ी की सख्त जरूरत है।”

जब कुक से पिछले कुछ सालों में तीनों फॉर्मेट में भारत के प्रदर्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “इस लिस्ट में भारत यकीनन सबसे ऊपर होगा। भारतीय टीम के पास दुनिया में कहीं भी जाकर मुकाबला करने का दम है। ऑस्ट्रेलिया में उनका रिकॉर्ड लाजवाब रहा है और उन्होंने लंबे समय से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है।”

उन्होंने आखिर में कहा, “भारत के पास मौजूद टैलेंट और खिलाड़ियों की संख्या को देखते हुए, आप बिना किसी शक के भारत को दुनिया की नंबर वन टीम मान सकते हैं।”