वाहन नंबर प्लेट छेड़छाड़ पर नए कड़े जुर्माने

उदयपुर, 23 नवंबर: हाईवे पर टोल टैक्स बचाने के लिए वाहन की नंबर प्लेट छिपाने या छेड़छाड़ करने पर जल्द ही भारी जुर्माना लग सकता है। सरकार ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित नियमों के तहत अगर किसी वाहन की नंबर प्लेट छिपी, बदली हुई या पढ़ने लायक नहीं मिली, तो उसके मालिक को सामान्य टोल फीस के चार से आठ गुना तक जुर्माना देना पड़ सकता है। यह अतिरिक्त जुर्माना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले जुर्माने से अलग होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों में बदलाव कर रहा है, ताकि बिना बैरियर वाले टोल प्लाजा पर नंबर प्लेट छेड़छाड़ कर टोल बचाने वाले वाहनों पर रोक लगाई जा सके।
नंबर प्लेट छेड़छाड़ के लिए अलग जुर्माने
प्रस्तावित नियमों के तहत उल्लंघन की गंभीरता के हिसाब से वाहन मालिक को सामान्य टोल फीस के चार से आठ गुना तक जुर्माना देना होगा। यह राशि मौजूदा कानूनी जुर्मानों के अलावा होगी। फिलहाल, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पहली बार नंबर प्लेट छेड़छाड़ करने पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगता है, जबकि दोबारा पकड़े जाने पर यह जुर्माना 10,000 रुपये तक बढ़ सकता है। नंबर प्लेट उल्लंघन से जुर्माना वसूलने की जिम्मेदारी राज्य परिवहन विभागों की होगी, जबकि ज्यादा टोल फीस लगाने का अधिकार एनएचएआई जैसे राजमार्ग प्राधिकरणों को दिया जा सकता है।
छिपी नंबर प्लेट वाले वाहनों की पहचान के लिए AI का इस्तेमाल
नए नियम लागू करने के लिए सरकार टोल प्लाजा पर टेक्नोलॉजी आधारित सिस्टम लाने की तैयारी कर रही है। यह सिस्टम कैमरों से मिली वाहन की तस्वीरों और अन्य जानकारी को AI की मदद से जांचेगा। इससे उन वाहनों की पहचान होगी जिनकी नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाई, बदली या छेड़छाड़ की गई हो। रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों को उम्मीद है कि यह सिस्टम अगले कुछ महीनों में काम करना शुरू कर देगा, जिससे इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन से बचने वाले वाहनों को पकड़ा जा सकेगा। ध्यान रहे कि चार से आठ गुना टोल फीस वसूलने का नियम अभी प्रस्तावित है और इसे लागू करने के लिए नियमों में बदलाव जरूरी है।

