टोयोटा ने अर्बन क्रूजर हाइराइडर SUV के बेस वेरिएंट को बंद किया

उदयपुर, 23 नवंबर: टोयोटा ने अपनी मिड-साइज SUV, अर्बन क्रूजर हाइराइडर के बेस E वेरिएंट को बंद कर दिया है। इस फैसले के बाद SUV की शुरुआती कीमत में ₹1.51 लाख की बढ़ोतरी हुई है। पहले, बंद किए गए E वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत ₹11.31 लाख थी। अब इसके बंद होने के बाद हाइराइडर रेंज की शुरुआत S वेरिएंट से होती है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹12.82 लाख है, जो E वेरिएंट से ₹1.51 लाख ज्यादा है। SUV अब कुल चार वेरिएंट्स में उपलब्ध है: S, G, G (O), और V, जिसमें टॉप वेरिएंट की कीमत ₹19.99 लाख है। ध्यान दें कि ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। ड्यूल-टोन कलर ऑप्शन चुनने पर ग्राहकों को अतिरिक्त ₹14,500 देने होंगे।
E वेरिएंट सिर्फ पेट्रोल-मैनुअल में था
टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर का E वेरिएंट केवल पेट्रोल-मैनुअल और 2WD कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध था। इसमें 1.5 लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन था, जो 102bhp पावर और 137Nm टॉर्क देता था। कंपनी ने इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया था, जो फ्रंट व्हील्स को पावर देता था।
फीचर्स की बात करें तो बेस वेरिएंट में डुअल एयरबैग्स, ABS के साथ EBD, VSC, हिल होल्ड कंट्रोल, और रियर पार्किंग सेंसर जैसे सेफ्टी फीचर्स थे। इसके अलावा इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर AC वेंट्स, टिल्ट और टेलिस्कोपिक स्टीयरिंग, ड्राइवर सीट हाइट एडजस्टमेंट, और फ्रंट स्लाइडिंग आर्मरेस्ट भी था। एक्सटीरियर में बाय-हेलोजन प्रोजेक्टर हेडलैंप, LED टेललाइट्स, इंटीग्रेटेड स्पॉइलर, शार्क-फिन एंटीना, और टर्न इंडिकेटर वाले ORVM शामिल थे। केबिन का थीम ऑल-ब्लैक था और इसमें दो स्पीकर्स लगे थे।
कीमत अब S वेरिएंट से शुरू
E वेरिएंट बंद होने के बाद टोयोटा हाइराइडर की शुरुआती कीमत अब S वेरिएंट के लिए ₹12.82 लाख है। यह E वेरिएंट से ₹1.51 लाख ज्यादा है, लेकिन इसमें कई नए फीचर्स भी शामिल हैं। S वेरिएंट में रिवर्स पार्किंग कैमरा, 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, USB चार्जिंग पोर्ट्स, क्रूज कंट्रोल, टोयोटा i-Connect, लगेज शेल्फ स्ट्रिंग्स, फ्रंट फुटवेल लाइटिंग, और ग्लोवबॉक्स लाइट जैसे फीचर्स मिलते हैं।
इस बदलाव के बाद हाइराइडर खरीदने वाले ग्राहकों के लिए सबसे किफायती ऑप्शन अब S वेरिएंट होगा। कंपनी अगले साल इस SUV का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च कर सकती है, जिसमें नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर, रिवाइज्ड LED हेडलैंप्स, और नए अलॉय व्हील्स हो सकते हैं।

