नई टोयोटा इनोवा हायकॉस जल्द लॉन्च होगी

उदयपुर, 23 नवंबर: टोयोटा अपनी सबसे लोकप्रिय MPV, इनोवा हायकॉस को नए अवतार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने लॉन्च से पहले दो टीजर वीडियो जारी किए हैं, जिनमें नई कार के डिजाइन की झलक दिखाई गई है। लॉन्च 25 नवंबर को होगा। इस बार इनोवा हायकॉस में फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल भी आ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह गाड़ी E85 और संभवतः E100 ईंधन पर चलेगी, जिससे यह भारत की पहली स्ट्रांग-हाइब्रिड MPV बनेगी जो E85 फ्यूल के साथ आएगी।
डिजाइन में बदलाव
नई इनोवा हायकॉस के फ्रंट में खास बदलाव देखने को मिलेंगे। फ्रंट ग्रिल, LED DRL, हेडलैम्प और बम्पर का डिजाइन नया होगा। टीजर वीडियो में LED DRL टोयोटा टेसर जैसी दिख रही हैं। इसके अलावा, फ्रंट हिस्सा पहले से ऊंचा और SUV जैसा लगेगा, जबकि साइड डिजाइन मौजूदा मॉडल जैसा ही रहेगा। पीछे नए LED टेल लैंप और नया बम्पर भी मिल सकता है।
कैबिन फीचर्स
नई इनोवा हायकॉस में कई नए फीचर्स आने की उम्मीद है। सबसे बड़ा बदलाव 12.3 इंच की बड़ी टचस्क्रीन हो सकती है। इसके साथ 12.3 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले भी मिलेगा। अन्य फीचर्स में अपडेटेड 360-डिग्री कैमरा, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पैनोरमिक सनरूफ, डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल और इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल सीट्स शामिल हो सकते हैं। सेफ्टी के लिए छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और लेवल-2 ADAS फीचर्स भी होंगे।
पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं
टोयोटा नई इनोवा हायकॉस में मौजूदा इंजन को ही बरकरार रखेगी। इसमें 2.0 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 2.0 लीटर स्ट्रांग-हाइब्रिड इंजन होगा। पेट्रोल इंजन 173bhp पावर और 204Nm टॉर्क देगा। स्ट्रांग-हाइब्रिड मॉडल में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी होगी। दोनों इंजन को हाईर एथेनॉल फ्यूल ब्लेंड के लिए एडजस्ट किया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई इनोवा हायकॉस का फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल E0 से लेकर E85 और संभवतः E100 फ्यूल पर चलेगा। मतलब यह पेट्रोल के साथ ज्यादा एथेनॉल वाला फ्यूल इस्तेमाल कर सकेगी। इसके लिए कंपनी इंजन के ECU और जरूरी पार्ट्स में बदलाव कर सकती है। ये बदलाव कार की कीमत पर भी असर डाल सकते हैं, जिससे नई मॉडल महंगी हो सकती है।

