मारुति सुजुकी ने बढ़ाई अपनी पॉपुलर SUV फ्रोंक्स की कीमतें

उदयपुर, 24 नवंबर: मारुति सुजुकी की पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV फ्रोंक्स अब थोड़ी महंगी हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने इस स्पोर्टी SUV के सभी वेरिएंट्स की कीमतों में ₹5,000 की बढ़ोतरी की है। इस साल फ्रोंक्स की कीमतों में यह चौथी बार इजाफा हुआ है, इससे पहले भी कंपनी कई मौकों पर इसके दाम बढ़ा चुकी है। अब इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹6.95 लाख से लेकर ₹12.08 लाख तक पहुंच गई है।
5 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिकीं
मारुति फ्रोंक्स की अब तक 5 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। इसकी कामयाबी के पीछे कई बड़ी वजहें हैं, जिनमें भारतीय ग्राहकों के बीच ऊंची सीटिंग पोजीशन और SUV जैसे डिजाइन की बढ़ती डिमांड शामिल है। फ्रोंक्स को इसी डिमांड को पूरा करने के लिए बाजार में उतारा गया था। भले ही यह बलेनो के प्लेटफॉर्म पर बनी है, लेकिन इसका डिजाइन और ऊंचा स्टांस इसे प्रीमियम हैचबैक के बजाय एक SUV जैसा लुक देता है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी का बड़ा सर्विस नेटवर्क और मेंटेनेंस में आसानी भी इसकी बिक्री बढ़ने की वजह रही है। लगातार चौथी बार दाम बढ़ने के बावजूद उम्मीद है कि इसकी बिक्री पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
तीन इंजन ऑप्शन में मौजूद
मारुति फ्रोंक्स कई शानदार फीचर्स के साथ आती है, जिनमें लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, डुअल-टोन इंटीरियर, 360-डिग्री कैमरा, 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट और क्रूज कंट्रोल शामिल हैं। इंजन के मामले में इसमें तीन ऑप्शन मिलते हैं। पहला 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 88bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क देता है। दूसरा ऑप्शन 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 99bhp की पावर और 147.6Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा 1.2-लीटर CNG इंजन का भी ऑप्शन है, जो 76bhp की पावर और 98.5Nm का टॉर्क देता है। इसके पेट्रोल इंजन E20 फ्यूल को सपोर्ट करते हैं। नई कीमतों के बाद, अब फ्रोंक्स की एक्स-शोरूम कीमत ₹6.95 लाख से ₹12.08 लाख के बीच है।
अगले साल आ सकता है फ्रोंक्स का फेसलिफ्ट
नई मारुति फ्रोंक्स फेसलिफ्ट के 2027 में आने की उम्मीद है, हालांकि कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च टाइमलाइन कन्फर्म नहीं की है। नई फ्रोंक्स में मौजूदा 4-सिलेंडर K-सीरीज इंजन की जगह 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन मिल सकता है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रोंक्स फेसलिफ्ट में एक सीरीज हाइब्रिड पावरट्रेन भी दिया जा सकता है, जो 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन पर बेस्ड हो सकता है और 35kmpl से ज्यादा का माइलेज दे सकता है। 2027 फ्रोंक्स फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा अपडेट लेवल 2 ADAS हो सकता है।

