वनतारा ने वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन के लिए मेडागास्कर के साथ किया 10 साल का करार
जामनगर, 24 नवंबर (उदयपुर किरण): वनतारा ने वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन को बढ़ावा देने और लुप्तप्राय प्रजातियों को बचाने के लिए मेडागास्कर की सरकार के साथ 10 साल का समझौता किया है।
इस एग्रीमेंट के तहत, वनतारा दूसरे देशों में जब्त किए गए मेडागास्कर के वन्यजीवों को उनके देश वापस भेजने, उनका इलाज कराने और जहां भी संभव हो, उन्हें उनके प्राकृतिक आवास (जंगलों) में वापस छोड़ने में मदद करेगा।
यह समझौता 19 अगस्त को भारत के CITES मैनेजमेंट अथॉरिटी से की गई वनतारा की प्रतिबद्धता को भी पूरा करता है।

संकटग्रस्त वन्यजीवों को मिलेगी मदद
इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) के मुताबिक, सिर्फ मेडागास्कर में पाई जाने वाली लीमर (lemur) प्रजातियों में से करीब 90 फीसदी पर विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है।
देश में प्राकृतिक आवासों का उजड़ना और वन्यजीवों की अवैध तस्करी यहां के जानवरों के लिए सबसे बड़े खतरों में से एक हैं।
वन्यजीवों के इलाज और ट्रेनिंग में मदद
वनतारा मेडागास्कर में वन्यजीवों के स्वास्थ्य की जांच, सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन, साइंटिफिक रिसर्च और वहां के स्थानीय वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट्स की ट्रेनिंग में सहयोग करेगा।
इसके अलावा, यह एक नेशनल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर विकसित करने में भी सहायता कर सकता है।
रेस्क्यू किए गए जानवरों को उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने का अंतिम फैसला मेडागास्कर सरकार का ही होगा।
वनतारा के सीईओ ने कंजर्वेशन के संकल्प पर दिया जोर
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा, “इन प्रजातियों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रखना हमारी 10 साल की कंजर्वेशन स्ट्रैटजी के केंद्र में है। हमारी प्राथमिकता उन देशों के लोगों और संस्थाओं को मजबूत बनाना है, जो वन्यजीव संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं।”
इस समझौते के जरिए, वनतारा का लक्ष्य मेडागास्कर के वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन के प्रयासों को मजबूती देना और लुप्तप्राय प्रजातियों की सुरक्षा के लिए स्थानीय एक्सपर्ट्स की क्षमता को बढ़ाना है।

