उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी व्यवसायी के अपहरण और एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर इमरान कुंजडा को अहमदाबाद के जुहापुरा इलाके से गिरफ्तार किया है। घटना 25 दिसंबर की है, जब मोहम्मद ऐजाज नामक व्यवसायी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि इमरान और उसके साथियों ने उन्हें प्लॉट दिखाने के बहाने फंसाया और फिरौती की मांग की।

शिकायत के अनुसार, इमरान ने प्लॉट खरीदने का झांसा देकर ऐजाज को बुलाया और मेलडी माता क्षेत्र में उन्हें बंधक बना लिया। इमरान ने ऐजाज और उनके साथियों को गाड़ी में बैठाकर चाकू और पिस्टल दिखाते हुए धमकाया। आरोपी ने कहा कि उसे एक करोड़ रुपये नकद चाहिए, नहीं तो वह उनकी हत्या कर देगा।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से अहमदाबाद में आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। दो दिनों की रैकी के बाद पुलिस ने इमरान को गिरफ्तार कर उदयपुर लाया।
हालांकि, रास्ते में इमरान ने घबराहट और उल्टी का बहाना बनाकर भागने की कोशिश की। अम्बामाता घाटी के पास उसने गाड़ी से उतरकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन गिरने से घायल हो गया। उसे तुरंत एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इमरान कुंजडा पर पहले से ही हत्या, लूट, अपहरण, और अवैध वसूली के 29 मामले दर्ज हैं। वह अम्बामाता थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उदयपुर में अपराध की दुनिया का जाना-माना नाम है। पुलिस पूछताछ में इमरान ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह किडनी का मरीज है और उसे बेवजह गैंगस्टर का नाम दिया गया है।
Bhupendra Singh Chundawat is a seasoned technology journalist with over 22 years of experience in the media industry. He specializes in covering the global technology landscape, with a deep focus on manufacturing trends and the geopolitical impact on tech companies. Currently serving as the Editor at Udaipur Kiran, his insights are shaped by decades of hands-on reporting and editorial leadership in the fast-evolving world of technology.

