उदयपुर के 50 विद्यालयों में मनाया गया विश्व शौचालय दिवस, विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

उदयपुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran)। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर उदयपुर जिले के 50 विद्यालयों में जागरूकता और सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (CEE) और यूनिसेफ के सहयोग से संचालित ‘क्लीन, सेफ एंड सस्टेनेबल स्कूल्स’ परियोजना के तहत यह आयोजन किया गया।
सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन के परियोजना अधिकारी दिनेश कुमार और योगेश कुमार ने बताया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय प्रत्येक बच्चे का महत्वपूर्ण अधिकार है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से शौचालयों के स्वच्छ एवं सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित रखरखाव के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालयों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए सुलभ, सुरक्षित, समावेशी और बाल-अनुकूल शौचालय सुविधाओं के महत्व पर भी चर्चा की गई। इस दौरान पोस्टर निर्माण, चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी, समूह चर्चा और अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विश्व शौचालय दिवस का महत्व समझाया गया।
विद्यार्थियों को शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने, शौचालयों को साफ रखने, पानी का उचित उपयोग करने और स्वच्छता की आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करना, विद्यालयों में स्वच्छता सुविधाओं के बेहतर रखरखाव को बढ़ावा देना और बच्चों की सहभागिता से स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत विद्यालयी वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि स्वच्छ शौचालय स्वस्थ जीवन और सम्मानजनक वातावरण की आधारशिला है। विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखना केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और पूरे विद्यालय समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।

