रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर उदयपुर में महिला सशक्तीकरण का संदेश, आत्मनिर्भरता और कानूनी अधिकारों पर जोर
उदयपुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran)। रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर गुरुवार को राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सभागार में महिला सशक्तीकरण पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शांति एवं अहिंसा विभाग और महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया। पुलिस की कालिका टीम द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। मीरा गर्ल्स कॉलेज और रेजीडेंसी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं के साथ राजीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य और महिला अधिकारिता विभाग की साथिन भी उपस्थित रहीं। स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों और मसालों की प्रदर्शनी लगाई। मीरा गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई पर अपने विचार रखे और उनके विचारों से जुड़े नारों के साथ उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया।

महिला अधिकारों और कानूनों की दी जानकारी
महिला अधिकारों से जुड़े POSH और POCSO कानूनों पर विषय विशेषज्ञ डॉ. गायत्री तिवारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चेतना भाटी ने जानकारी दी। वरिष्ठ लेखाधिकारी महिमा पचार ने इन विषयों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित की, जिसमें छात्राओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सही जवाब देने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देवस्थान एवं टीएडी आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को आवश्यक बताया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना की और छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने अध्यक्षीय उद्बोधन में महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं से बिना झिझक पुलिस हेल्पलाइन और कानूनी प्रावधानों का उपयोग करने की अपील की।
शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक अजय असवाल ने कहा कि महिलाओं के समग्र सशक्तीकरण के लिए उनका शिक्षित, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। महिलाओं को अपने विचार और निर्णय व्यक्त करने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए महिला अधिकारिता विभाग, मीरा गर्ल्स कॉलेज, रेजीडेंसी गर्ल्स स्कूल और राजीविका का आभार व्यक्त किया।
प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक संजय जोशी ने स्वागत भाषण दिया और अतिथियों का स्वागत किया। शांति एवं अहिंसा निदेशालय की उप निदेशक मधु रघुवंशी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि वरिष्ठ लेखाधिकारी महिमा पचार ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गान और रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इस दौरान रानी लक्ष्मीबाई पर लघु वृत्तचित्र भी दिखाया गया। शांति निदेशालय की ओर से मीरा गर्ल्स कॉलेज की वक्ता छात्राओं और कालिका टीम को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

