उदयपुर में पंचायत चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से, 1023 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
उदयपुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran)। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत उदयपुर जिले में जिला परिषद के 47 और 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जिले की 590 ग्राम पंचायतों के 1611 मुख्य और सहायक मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए उदयपुर मुख्यालय पर दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक पंचायत समिति की मतगणना दो राउंड में पूरी होगी।
राजस्थान कृषि महाविद्यालय में झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर और गिर्वा पंचायत समितियों के वोटों की गिनती होगी। वहीं, पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेष 15 पंचायत समितियों ओगणा, भींडर, नाई, मावली, घासा, सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुंदा, बड़गांव, देवला, नयागांव, कल्याणपुर, खेरवाड़ा और ऋषभदेव की मतगणना होगी। इसी विद्यालय के प्राचार्य कक्ष और एक अतिरिक्त कक्ष में जिला परिषद चुनाव के डाक मतपत्रों की गिनती और परिणाम संकलन किया जाएगा।

1023 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
पंचायती राज चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समितियों के कुल 1023 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला शुक्रवार को होगा। जिला परिषद के 47 वार्डों के लिए 126 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है।
पंचायत समितियों में झाड़ोल के 15 वार्डों में 44, भींडर के 19 वार्डों में 59, घासा के 17 निर्वाचन क्षेत्रों में 39, गिर्वा के 15 वार्डों में 43 और कुराबड़ के 15 वार्डों में 32 प्रत्याशी मैदान में थे। मावली के 17 वार्डों में 41, नाई के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 46, ओगणा के 15 वार्डों में 39, फलासिया के 15 वार्डों में 49 और वल्लभनगर के 17 निर्वाचन क्षेत्रों में 43 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।
इसी तरह बड़गांव के 15 वार्डों में 35, देवला के 15 वार्डों में 40, गोगुंदा के 19 वार्डों में 48, कोटड़ा के 17 वार्डों में 47 और सायरा व सुलाव के 15-15 वार्डों में 39-39 प्रत्याशी मैदान में थे। कल्याणपुर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 60, खेरवाड़ा के 17 में 57, नयागांव के 15 में 50 और ऋषभदेव के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 47 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।
तीन चरणों में हुआ था मतदान
जिले में पंचायती राज संस्थाओं के लिए तीन चरणों में मतदान हुआ था। कुल 13 लाख 81 हजार 382 मतदाताओं में से 9 लाख 28 हजार 436 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
पहले चरण में नाई पंचायत समिति में सबसे अधिक 80.86 प्रतिशत मतदान हुआ। झाड़ोल में 75.64, ओगणा में 74.78, फलासिया में 73.46, गिर्वा में 69.40, घासा में 65.51, मावली में 62.30, वल्लभनगर में 61.29, भींडर में 60.18 और कुराबड़ में 58.97 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूसरे चरण में कोटड़ा में 78.15, देवला में 72.94, बड़गांव में 71.16, गोगुंदा में 69.41, सुलाव में 68.38 और सायरा में 58.44 प्रतिशत मतदान हुआ। तीसरे चरण में कल्याणपुर में 67.06, ऋषभदेव में 66.75, नयागांव में 64.87 और खेरवाड़ा में 61.90 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
मतगणना केंद्रों पर प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रवेश द्वारों का अलग-अलग निर्धारण किया गया है। गेट नंबर 1 से जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के गणना अभिकर्ताओं (काउंटिंग एजेंट) तथा मीडिया कर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। गेट नंबर 2 से रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), गणना स्टाफ और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक प्रवेश करेंगे। यहां कार्मिक प्रकोष्ठ का काउंटर भी बनाया जाएगा।
गणना अभिकर्ताओं की पहचान के लिए फोटोयुक्त प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। जिला परिषद के अभिकर्ताओं के लिए पीला और पंचायत समिति सदस्यों के अभिकर्ताओं के लिए नीला पास निर्धारित किया गया है। प्रत्येक पंचायत समिति वार्ड की गणना एक ही टेबल पर होगी। इसलिए प्रत्येक प्रत्याशी केवल एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा।
पहले डाक मतपत्र, फिर ईवीएम की गिनती
जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार, मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती से होगी। इसके बाद स्ट्रांग रूम से संबंधित मतदान केंद्र की कंट्रोल यूनिट (सीयू) गणना टेबल पर लाई जाएगी।
प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक तैनात रहेंगे। वे जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के परिणाम साथ-साथ दर्ज करेंगे। जिस वार्ड की मतगणना चल रही होगी, केवल उसी वार्ड से संबंधित अभिकर्ता को कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी।

