उदयपुर में ट्रांसफार्मर से तेल चुराने वाली गैंग का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
100 से अधिक सरकारी ट्रांसफार्मर बनाए निशाना, 300 लीटर तेल बरामद; लग्जरी कारों में रील बनाने और शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी
उदयपुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran)। उदयपुर जिले की भींडर थाना पुलिस ने सरकारी बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह अब तक 100 से अधिक ट्रांसफार्मरों को निशाना बना चुका है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 300 लीटर ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई और वल्लभनगर वृत्ताधिकारी श्रवणदास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेशचन्द्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

कृषि क्षेत्रों के ट्रांसफार्मरों से चुराते थे तेल
अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, भींडर के कनिष्ठ अभियंता उत्सव कुमार ने 14 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया कि दवेला तालाब, हिंता और बांडा मगरा गांवों के कृषि क्षेत्रों में लगे विभागीय सिंगल और थ्री-फेज बिजली ट्रांसफार्मरों से रात के समय अज्ञात चोर तेल चुरा रहे हैं।
इस पर भींडर थाने में प्रकरण संख्या 167/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत जांच शुरू की गई।
लग्जरी गाड़ियों में रील बनाने के लिए करते थे चोरी
पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और पूर्व में चालानशुदा अपराधियों पर निगरानी के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे निजी संपत्ति के बजाय सरकारी ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे। चोरी का तेल बेचकर मिलने वाले पैसों से महंगे शौक, खाने-पीने और मौज-मस्ती का खर्च पूरा करते थे। बड़ी और लग्जरी गाड़ियां किराए पर लेकर सोशल मीडिया पर रील बनाते और अपना रौब दिखाते थे।
दो टीमें बनाकर एक रात में कई ट्रांसफार्मरों से करते थे चोरी
आरोपी वारदात के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाकर काम करते थे। पहली टीम किराए के वाहनों से घटनास्थल पर पहुंचती और ड्रिल मशीन से ट्रांसफार्मर में छेद कर तेल निकालती थी। दूसरी टीम पिकअप वाहन लेकर आती और निकाले गए तेल को इकट्ठा कर ले जाती थी। इस दौरान पहली टीम दूसरे ट्रांसफार्मर से तेल निकालने पहुंच जाती थी। इस तरीके से आरोपी एक ही रात में कई ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे।
ये पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें लोकेश (25) पुत्र शंकरलाल निवासी सुरपुर, कपासन, जिला चित्तौड़गढ़, कानसिंह (21) पुत्र इन्द्रसिंह निवासी नील का खेड़ा, भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़, भावेश उर्फ गोटा (20) पुत्र भगवानलाल निवासी बड़गांव, भींडर, उदयपुर, विनोद (19) पुत्र देवीलाल निवासी गाडरियावास हिंता, भींडर, उदयपुर और कमलेश कुमार (18 वर्ष 11 माह) पुत्र प्रभुलाल निवासी वाना, खेरादा, उदयपुर शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में भींडर थानाधिकारी मुकेशचन्द्र, सहायक उपनिरीक्षक हिम्मत सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, राजेश कुमार और खुशीराम तथा कांस्टेबल रोहित, निखिल, महिपाल और मोहम्मद ईसुब शामिल रहे।

