उदयपुर और सलूंबर में चार बांग्लादेशी नागरिक डिटेन, डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू
दो महिलाओं और दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा, फर्जी आधार कार्ड से भारत में रहने का भी खुलासा
उदयपुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran)। भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सीआईडी विशेष शाखा जोन उदयपुर और जिला पुलिस ने कार्रवाई की है। राजसमंद और सलूंबर जिलों से दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित चार बांग्लादेशी नागरिकों को डिटेन किया गया है। सभी को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई एसपी राजसमंद हेमंत कलाल, एसपी सलूंबर बिशनाराम और सीआईडी विशेष शाखा जोन उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के निर्देशन में की गई।

फर्जी आधार कार्ड बनवाकर रह रही थीं महिलाएं
जिला विशेष शाखा को 13 नवंबर को चारभुजा थाना क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों में लिप्त दो संदिग्ध महिलाओं के पास संदिग्ध दस्तावेज होने की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त पूछताछ समिति गठित की गई। पूछताछ में दोनों के बांग्लादेशी नागरिक होने का पता चला। जांच में सामने आया कि उन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे और अनैतिक व्यापार में लिप्त थीं।
जांच के अनुसार, पिया खातून उर्फ रानीदास (31) निवासी अरपाडा मिर्जापुर चकोईनरेल सदर, खुलना डिवीजन, ढाका (बांग्लादेश) का पासपोर्ट दिसंबर 2025 में समाप्त हो चुका था। वह 2 नवंबर 2026 को असम के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी।
इसी तरह शीला खान (23), पिता शाहजुल खान, निवासी जेसोर (बांग्लादेश), वर्ष 2021 में भारत आई थी। वह वर्तमान में कानपुर (गिर्वा, उदयपुर) में रह रही थी। भारत में रहते हुए उसने 2021 और 2023 में दो शादियां भी कीं।
सुरक्षा एजेंसियां अब इन महिलाओं से जुड़े अनैतिक व्यापार और दलालों के नेटवर्क की जांच कर रही हैं। दोनों महिलाओं को पहले उदयपुर के नारी निकेतन भेजा गया था। वर्तमान में उन्हें राजसमंद के अस्थायी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
सलूंबर की सोम नदी में मछली पकड़ते मिले दो युवक
दूसरी कार्रवाई 17 नवंबर को सलूंबर जिले में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुदर क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति कुछ दिनों से रह रहे हैं और सोम नदी में मछली पकड़ते हैं। इस पर सीआईडी जोन यूनिट और जिला पुलिस की टीम ने दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने बांग्लादेशी नागरिक होना स्वीकार किया।
उनकी पहचान नृपेन बैद्य (40), पिता निराद बैद्य, निवासी ललुआ, जिला गोपालगंज, ढाका (बांग्लादेश) और अपुबिसवास (21), पिता दीपक बिसवास, निवासी डोमराशूर, जिला गोपालगंज, ढाका (बांग्लादेश) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों ने अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था। दोनों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
पुलिस टीमों की रही अहम भूमिका
इस अभियान में राजसमंद डीएसबी टीम की कल्पना सिंह, चारभुजा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह, यमनेश कुमार, भंवर सिंह और शक्ति सिंह की भूमिका रही। वहीं सलूंबर टीम से थानाधिकारी मुकेश नागदा, डीएसबी प्रभारी उम्मेदीलाल और सीआईडी यूनिट के पंकज पाटीदार ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।

