Skip to content
बुधवार, 25 नवंबर 2026
हिन्दी
ब्रेकिंग
RAJASTHAN

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रेलर में घुसी कार, तीन दोस्तों की मौत, दो घायल

बहरोड़, 25 नवंबर (उदयपुर किरण): राजस्थान के बहरोड़ इलाके में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर दहमी फ्लाईओवर के पास बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.

Three Friends Killed

पांचों दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. जान गंवाने वाले तीनों युवक मुंडनवाड़ा गांव के रहने वाले थे.

पुलिस के मुताबिक, ये युवक बहरोड़ के भगवाड़ी से अपने गांव मुंडनवाड़ा जा रहे थे. तभी दहमी फ्लाईओवर के पास उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकरा गई.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेलर ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया था. इसके चलते कार ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे ट्रेलर के पीछे जा घुसी.

कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

मृतकों की पहचान हरीश कुमार यादव (27), देवेंद्र प्रजापत (24) और हेमंत प्रजापत (25) के रूप में हुई है. तीनों मुंडनवाड़ा गांव के ही रहने वाले थे.

हादसे में घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने शवों को बहरोड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया. बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.