शानदार फीचर्स के साथ लॉन्च होने जा रहा है मोटोरोला रेजर 2027

उदयपुर, 25 नवंबर: मोटोरोला अपना नया फोल्डेबल फोन ‘मोटोरोला रेजर 2027’ लॉन्च करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि यह कंपनी का एंट्री-लेवल फोल्डेबल फोन होगा। लॉन्च से पहले ही इस फ्लिप फोन के कई फीचर्स सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोटोरोला का यह रेजर फोन अपने तय समय से कुछ महीने पहले ही आ सकता है और इसके बेस मॉडल में ही काफी बड़ी कवर स्क्रीन मिलेगी।
मोटोरोला रेजर 2027 में 4-इंच का कवर डिस्प्ले और 6.9-इंच का मेन डिस्प्ले मिल सकता है।
जनवरी में हो सकता है लॉन्च
रिपोर्ट्स की मानें तो यह नया फ्लिप फोन उम्मीद से पहले आ सकता है। सूत्रों का कहना है कि मोटोरोला इसे जनवरी में CES के दौरान ‘लेनोवो टेक वर्ल्ड’ इवेंट में लॉन्च करने की प्लानिंग कर रहा है, जिसका लाइव स्ट्रीम ‘द स्फीयर’ से होगा। यह लॉन्च पिछले रेजर मॉडल से करीब चार महीने पहले हो सकता है, जिसे पिछले साल अप्रैल में पेश किया गया था। चर्चा यह भी है कि इसी इवेंट में एक चौड़े फोल्ड वाला ‘रेजर फ्लेक्स’ भी सामने आ सकता है।
कवर स्क्रीन में बड़ा बदलाव
इस बार रेजर 2027 में सबसे बड़ा अपग्रेड इसकी कवर स्क्रीन में देखने को मिलेगा। मोटोरोला आखिरकार अपने ‘प्लस’ और ‘अल्ट्रा’ मॉडल वाली बड़ी कवर स्क्रीन अब बेस रेजर मॉडल में भी देने जा रहा है। नए फोन में 4-इंच का कवर डिस्प्ले और 6.9-इंच का मेन डिस्प्ले होगा। इसके अलावा, रेजर 2027 के कवर डिस्प्ले में 120Hz का रिफ्रेश रेट मिलेगा, जो कि रेजर 2026 के 90Hz से बेहतर है। मेन डिस्प्ले का रेजोल्यूशन 2640×1080 पिक्सल होने की उम्मीद है, जिसमें 144Hz तक का रिफ्रेश रेट और HDR10+ सपोर्ट मिलेगा।
प्रोसेसर, रैम और स्टोरेज
रिपोर्ट्स के अनुसार, रेजर 2027 का कोडनेम ‘रैप्टर’ (Raptor) रखा गया है और इसमें डाइमेंसिटी 7550X प्रोसेसर दिया जा सकता है। फोन में 8GB LPDDR5 रैम और 256GB स्टोरेज मिलने की उम्मीद है, हालांकि इसमें स्टोरेज बढ़ाने के लिए माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट नहीं मिलेगा।
कैमरा और बैटरी में सुधार
खबरों की मानें तो इसकी बैटरी कैपेसिटी को मौजूदा मॉडल की 4800mAh से बढ़ाकर 5000mAh किया जा सकता है। चार्जिंग सपोर्ट भी पहले से बेहतर होगा, जिसमें 45W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग मिलेगी, जबकि पिछले मॉडल में 30W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग थी। वहीं, कैमरा सेटअप में कोई बदलाव नहीं होगा। इसमें 50MP का मेन कैमरा, 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 32MP का सेल्फी कैमरा मिलेगा।
पहले से पतला, लेकिन थोड़ा भारी
मोटोरोला ने इस फोन को पहले से पतला बना दिया है। बंद होने पर रेजर 2027 की मोटाई 14.6mm होगी, जो कि 2026 मॉडल में 15.85mm थी। वहीं खोलने पर यह 7.3mm मोटा रहेगा। हालांकि, इसका वजन थोड़ा बढ़ गया है। पिछले मॉडल के 188 ग्राम के मुकाबले इसका वजन 195 ग्राम होगा। फोन में डस्ट प्रोटेक्शन के लिए IP4X रेटिंग और पानी से बचाव के लिए IPX8 व IPX9 वॉटर-रेसिस्टेंस रेटिंग मिलेगी।
तीन साल तक मिलेंगे ओएस अपडेट
सॉफ्टवेयर अपडेट्स को लेकर मोटोरोला के फोन अक्सर चर्चा में रहते हैं। ऐसा लग रहा है कि यह फोन एंड्रॉयड 17 के साथ आएगा और इसमें एंड्रॉयड 20 तक अपडेट मिलेंगे, यानी कुल तीन साल के ओएस अपडेट्स। यह थोड़ा निराश करने वाला है, क्योंकि दूसरी कंपनियां अपने बजट फोन्स में भी ज्यादा समय के लिए अपडेट देती हैं। जैसे कि गूगल अपने पिक्सल 10a पर सात साल और सैमसंग अपनी गैलेक्सी A-सीरीज पर छह साल के अपडेट ऑफर करता है।

