नासा ने जारी की ब्राजील के रेगिस्तानी लैगून के ऊपर मिल्की वे की शानदार तस्वीर
नासा ने ब्राजील के लेनसोइस मारानहेंसिस नेशनल पार्क के ऊपर मिल्की वे (आकाशगंगा) की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर जारी की है, जिसमें शांत लैगून के ऊपर इसके चमकीले नजारे कैद हुए हैं।

नई दिल्ली, 28 नवंबर: नासा ने ब्राजील के लेनसोइस मारानहेंसिस नेशनल पार्क के ऊपर से ली गई मिल्की वे (आकाशगंगा) की एक शानदार तस्वीर जारी की है। इस तस्वीर में इलाके के सफेद रेत के टीलों और गहरे रंग के लैगून (झीलों) के ऊपर गैलेक्सी के खूबसूरत रंग और बारीक बनावट साफ नजर आ रही है।
यह कंपोजिट तस्वीर जुलाई में भूमध्य रेखा (इक्वेटर) से करीब 2 डिग्री दक्षिण की लोकेशन से खींची गई थी। इसमें मिल्की वे के कई रूप, जैसे धूल की गहरी लकीरें और रंग-बिरंगे नेबुला साफ दिखाई दे रहे हैं। रात के आसमान में मिल्की वे घूमती हुई नजर आती है, जो देखने में बेहद अद्भुत लगती है।
वाइड-एंगल लेंस के इस्तेमाल से ली गई यह तस्वीर एक ‘कॉस्मिक आई’ (ब्रह्मांडीय आंख) जैसी दिखती है, जिसमें गैलेक्सी नीचे के नजारे के ऊपर धनुष के आकार में झुकी हुई है। इस खास फ्रेमिंग की वजह से गैलेक्सी का घुमाव नीचे मौजूद लैगून के किनारों से एकदम मिलता-जुलता दिखता है, जिससे यह नजारा और भी खूबसूरत बन गया है।
नासा ने इस तस्वीर की खूबसूरती को बयां करते हुए कहा, “सुंदरता देखने वाले की नजर में होती है।”
यह तस्वीर नासा की डेली सीरीज का हिस्सा है, जिसके जरिए अंतरिक्ष की तस्वीरें शेयर कर लोगों में एस्ट्रोनॉमी के प्रति दिलचस्पी जगाई जाती है। इस प्रोजेक्ट का मकसद लोगों को ब्रह्मांड के चमत्कारों से रूबरू कराना और हमारी अपनी गैलेक्सी की खूबसूरती को दिखाना है।
नासा ने लोगों को सोचने पर मजबूर करते हुए चुटकीले अंदाज में पूछा, “क्या आसमान में बनी यह आंख पलटकर आपको ही देख रही है?”

