Take-Two Interactive ने गैर-आधिकारिक GTA 6 PC पोर्ट प्रोजेक्ट कराया बंद
Take-Two Interactive ने कॉपीराइट नियमों के उल्लंघन के चलते 'लियोनिडा' प्रोजेक्ट को बंद करा दिया है, जो बिना परमिशन GTA 6 को PC पर लाने की कोशिश कर रहा था।

नई दिल्ली, 25 नवंबर: Take-Two Interactive ने ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) को PC पर चलाने की अनाधिकृत कोशिशों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। कंपनी ने GitHub पर चल रहे ‘लियोनिडा’ (Leonida) प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक बंद करा दिया है। यह प्रोजेक्ट पर्सनल कंप्यूटर पर GTA 6 के Xbox वर्जन को चलाने में मदद कर रहा था, जिसे कॉपीराइट उल्लंघन के आरोपों के बाद निशाना बनाया गया।
यह एक्शन Take-Two की आईपी एनफोर्समेंट टीम की ओर से भेजे गए डिजिटल मिलेनियम कॉपीराइट एक्ट (DMCA) नोटिस के बाद हुआ। GitHub ने कन्फर्म किया कि उसने लियोनिडा से जुड़े 3,000 से ज्यादा रिपॉजिटरी के पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की और प्रोजेक्ट को अपने प्लेटफॉर्म से पूरी तरह हटा दिया है।
Take-Two ने अपने नोटिस में बताया कि लियोनिडा प्रोजेक्ट GTA 6 के उस Xbox सीरीज बिल्ड की चोरी की गई फाइलों पर आधारित था, जिसे ‘साइबरलीक’ नाम के एक हैकिंग ग्रुप ने लीक किया था। इस ग्रुप ने हाल ही में Xbox वर्जन के लिए एक एग्जीक्यूटिव फाइल जारी की थी, जिसके बाद मोडर्स ने इसका PC पोर्ट बनाने की कोशिश शुरू कर दी। Take-Two ने जोर देकर कहा कि योगदानकर्ताओं को “अपनी फाइलें खुद लाने” का निर्देश देना गुमराह करने वाला था, क्योंकि यूजर्स को इसे आगे बढ़ाने के लिए GTA 6 की गैर-कानूनी फाइलों की जरूरत थी।
Take-Two ने अपने नोटिस में कहा, “’अपनी फाइलें खुद लाने’ का निर्देश देकर फाइल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी यूजर पर डालने की कोशिश की जा रही है।” कंपनी ने साफ किया कि जिस समय यह किया गया और जिस तरह प्रोजेक्ट का पूरा फोकस GTA 6 पर था, उससे साबित होता है कि डेवलपर्स जानबूझकर उनकी बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) का उल्लंघन कर रहे थे।
लियोनिडा को बंद किया जाना कोई अकेला मामला नहीं है; GTA 6 को PC पर पोर्ट करने की कोशिश कर रहे अन्य प्रोजेक्ट्स पर भी ऐसी ही कार्रवाई की गई है। अलग-अलग सिस्टम पर गेम के कुछ हिस्सों को चलाने में थोड़ी-बहुत सफलता मिलने के बावजूद, गेमिंग कम्युनिटी की इन कोशिशों को बड़े कानूनी पचड़ों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रोजेक्ट हटने के बाद लियोनिडा प्रोजेक्ट के एडमिन ने बताया कि Take-Two ने उनके GitHub प्रोजेक्ट के साथ-साथ उनके Discord सर्वर को भी बंद करवा दिया है। एडमिन ने कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं 15 साल का एक बच्चा हूं। स्कूल और स्पोर्ट्स संभालना ही काफी मुश्किल होता है, उस पर Discord पर अधेड़ उम्र के लोगों की डांट और शिकायतें झेलना बिल्कुल आसान नहीं है।”
फिलहाल, GTA 6 के PC वर्जन की लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, हालांकि कयास लगाए जा रहे हैं कि यह 2027 की शुरुआत में आ सकता है। इस बीच, मोडर्स बिना कानूनी झंझटों में पड़े अपने प्रोजेक्ट्स को आगे जारी रखने के लिए गुपचुप तरीके अपनाने पर विचार कर रहे हैं।

