अमेरिका में बड़ा बैंकिंग संकट: फेडरल रेगुलेटर्स ने यूनाइटेड फिडेलिटी बैंक को किया बंद
फेडरल रेगुलेटर्स ने यूनाइटेड फिडेलिटी बैंक को बंद कर दिया है, जो अप्रैल 2024 के बाद से अमेरिका का सबसे बड़ा बैंक फेलियर है; फर्स्ट सिटिजन्स बैंक इसका अधिग्रहण करेगा।

इवांसविले, 29 नवंबर: फेडरल रेगुलेटर्स ने शुक्रवार रात यूनाइटेड फिडेलिटी बैंक को बंद कर दिया। यह अप्रैल 2024 के बाद से अमेरिका का सबसे बड़ा बैंक फेलियर है। ऑफिस ऑफ द कॉम्प्ट्रोलर ऑफ द करेंसी (OCC) ने पाया कि इंडियाना स्थित यह बैंक असुरक्षित स्थिति में था और अपनी देनदारियां चुकाने में सक्षम नहीं था।
फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (FDIC) ने जानकारी दी कि फर्स्ट सिटिजन्स बैंक यूनाइटेड फिडेलिटी के सभी डिपॉजिट और एसेट्स को अपने हाथ में लेगा। फर्स्ट सिटिजन्स में शिफ्ट होने के दौरान भी ग्राहकों के पैसे और उनका इंश्योरेंस कवर पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।
FDIC ने कहा, “ग्राहकों को अपने बैंकिंग संबंध बदलने की जरूरत नहीं है, उनके सभी फंड और डिपॉजिट इंश्योरेंस कवर सुरक्षित रहेंगे।” 30 सितंबर तक यूनाइटेड फिडेलिटी के पास लगभग 5.9 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति थी, जिसमें 5.4 बिलियन डॉलर के डिपॉजिट शामिल थे।
शनिवार को इंडियाना, इलिनोइस, फ्लोरिडा, कोलोराडो और यूएस वर्जिन आइलैंड्स में यूनाइटेड फिडेलिटी की 22 शाखाएं फर्स्ट सिटिजन्स की ब्रांच के रूप में फिर से खुलेंगी। FDIC का अनुमान है कि बैंक के फेल होने से डिपॉजिट इंश्योरेंस फंड को लगभग 1.83 बिलियन डॉलर का नुकसान होगा।
फर्स्ट सिटिजन्स बैंक ने बैंक के 4.5 बिलियन डॉलर के डिपॉजिट और 3.1 बिलियन डॉलर के लोन लेने पर सहमति जताई है, लेकिन उसने इन संपत्तियों को लगभग 2.6 बिलियन डॉलर के भारी डिस्काउंट पर खरीदा है। लोन की खराब स्थिति को देखते हुए इन फंड्स की भविष्य की वैल्यू अभी अनिश्चित बनी हुई है।
इंडियाना के सीनेटर जिम बैंक्स ने इस स्थिति पर चिंता जताई और एक सुरक्षित बैंकिंग सिस्टम की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि वह अगले हफ्ते इस पूरे मामले पर ब्रीफिंग लेंगे।
बैंक का बंद होना बैंकिंग सेक्टर में चल रही उथल-पुथल के बीच एक और बड़ा झटका है। इस साल अब तक सात बैंक फेल हो चुके हैं, जिनके पास कुल 7.3 बिलियन डॉलर की संपत्ति थी। वहीं पिछले साल केवल दो बैंक फेल हुए थे, जिनकी संपत्ति 113 मिलियन डॉलर थी।

