सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बढ़ी तकरार

लखनऊ, 24 नवंबर: उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ती दिख रही है। पहले दौर की बातचीत के बाद दोनों दलों ने दावा किया था कि चर्चा सही दिशा में आगे बढ़ रही है। लेकिन दूसरे दौर की अहम बैठक से ठीक पहले सपा के सीनियर नेताओं ने सीटों को लेकर बड़ा खुलासा कर दिया, जिससे गठबंधन में सियासी घमासान मच गया है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और वरिष्ठ नेता राजीव राय ने बताया कि शुरुआती बातचीत में कांग्रेस को केवल 26 सीटें ऑफर की गई हैं। इन सीटों की एक लिस्ट भी सामने आ चुकी है। इस खुलासे के बाद दोनों दलों के बीच तनाव और बढ़ गया है। सीट शेयरिंग कमेटी में शामिल कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस ऑफर पर कड़ा एतराज जताया है।
इमरान मसूद का तीखा पलटवार
सपा नेताओं की ओर से 26 सीटों के ऑफर की बात सामने आते ही कांग्रेस खेमे में नाराजगी साफ दिखने लगी है। इमरान मसूद ने सपा के इस प्रस्ताव पर कड़ा रुख अपनाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम कोई सीटें मांग नहीं रहे हैं। हमने गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी की बात कही है।” कांग्रेस नेताओं का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद, विधानसभा चुनावों में उनका हिस्सा सपा के ऑफर से कहीं ज्यादा होना चाहिए।
अब अगली बैठक पर टिकी निगाहें
पहले दौर की बातचीत के बाद दोनों दलों के नेताओं ने कहा था कि तीन दिनों के भीतर सीटों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी। लेकिन एक तरफ जहां मांग 181 सीटों की है, वहीं दूसरी तरफ ऑफर सिर्फ 26 सीटों का, इस बड़े फासले ने बातचीत को उलझा दिया है। सपा ने अपनी कमेटी में अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद को भी शामिल किया है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि पार्टी सीट शेयरिंग में किसी दबाव के आगे झुकने के मूड में नहीं है। अब सबकी नजरें दूसरे दौर की बैठक पर टिकी हैं कि क्या दोनों पार्टियां इस गतिरोध को सुलझा पाती हैं या फिर गठबंधन में गांठें और बढ़ेंगी।

