उदयपुर जिला प्रमुख चुनाव: बीजेपी के हिम्मत सिंह झाला और कांग्रेस के लाल सिंह झाला के बीच मुकाबला
दोनों के नामांकन सही पाए गए; दोपहर 3 से 5 बजे तक वोटिंग, इसके तुरंत बाद काउंटिंग

उदयपुर, 25 नवंबर (उदयपुर किरण)। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत उदयपुर जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस पद के लिए बीजेपी के उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला और कांग्रेस के लाल सिंह झाला ने अपना-अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
जांच के बाद दोनों के नामांकन मंजूर कर लिए गए हैं। आज दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी और मतदान खत्म होते ही तुरंत वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।
संख्या बल में बीजेपी आगे
उदयपुर जिला परिषद में कुल 47 सीटें हैं। इनमें से बीजेपी ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की है, कांग्रेस को 22 सीटें मिली हैं, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने एक सीट जीती है।
मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से इस चुनाव में बीजेपी का पलड़ा भारी दिख रहा है। हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि बीएपी का सदस्य उनके उम्मीदवार का समर्थन कर रहा है।
क्रॉस-वोटिंग से बदल सकते हैं समीकरण
भले ही संख्या बल के हिसाब से बीजेपी आगे है, लेकिन क्रॉस-वोटिंग नतीजों पर असर डाल सकती है। आज वोटिंग और काउंटिंग पूरी होने के बाद ही चुनाव के नतीजे साफ हो पाएंगे।

