SUV लॉन्च से पहले JSW मोटर्स ने जारी किया अपना नया लोगो

उदयपुर, 25 नवंबर: जेएसडब्ल्यू (JSW) ग्रुप की नई पैसेंजर व्हीकल कंपनी, JSW मोटर्स ने भारतीय बाजार में उतरने से पहले अपना ऑफिशियल लोगो जारी कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, इस लोगो का डिजाइन भारत की ‘अनेकता में एकता’ की सोच से प्रेरित है। लोगो में दिखाए गए दो मुख्य बिंदु परंपरा और प्रगति के साथ-साथ लोगों और टेक्नोलॉजी के बीच के रिश्ते को दर्शाते हैं। इसके घुमावदार डिजाइन पहिए के घूमने को दिखाते हैं, जबकि इसका ऊपर की ओर बढ़ता रुख तरक्की और सबकी ग्रोथ का प्रतीक है। ब्रांड के मुख्य रंग ब्लैक और व्हाइट हैं, जबकि टील (नीला-हरा) इसका सेकेंडरी कलर है।
न्यू एनर्जी व्हीकल्स पर रहेगा फोकस
JSW ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने कहा कि भारत सिर्फ सस्ते विकल्पों का नहीं, बल्कि बेहतर प्रोडक्ट्स का हकदार है। कंपनी का लक्ष्य भारतीय ग्राहकों तक दुनिया की सबसे बेहतरीन मोबिलिटी टेक्नोलॉजी पहुंचाना है। वहीं पार्थ जिंदल ने कहा कि यह नया लोगो नए भारत के भरोसे और उम्मीदों को दिखाता है। कंपनी 3 दिसंबर 2026 को अपनी पहली एसयूवी, JSW कॉम्बैट PHEV के साथ भारतीय बाजार में जोरदार एंट्री करने जा रही है। इसके साथ ही पैसेंजर कार मार्केट में JSW ग्रुप की ऑफिशियल एंट्री होगी, जिसका मुख्य फोकस न्यू एनर्जी व्हीकल्स यानी इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड कारों पर रहेगा। कंपनी की योजना अगले 12 महीनों में भारत में तीन और एसयूवी लॉन्च करने की है।
JSW कॉम्बैट के डिजाइन फीचर्स
JSW कॉम्बैट का बाहरी डिजाइन काफी हद तक जेटूर T2 (Jetour T2) जैसा होगा, लेकिन इसकी लाइट्स में बदलाव देखने को मिलेंगे। कॉम्बैट में खास डिजाइन वाले एलईडी हेडलैम्प्स, नई लाइटिंग सिग्नेचर, नया बंपर और अलग अलॉय व्हील्स मिलेंगे। इसके फ्रंट में जेटूर की जगह COMBAT की बैजिंग होगी। यह एसयूवी मोनोकॉक प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी और इसका ग्राउंड क्लीयरेंस करीब 205mm होने की उम्मीद है। यह 5-सीटर ऑप्शन में आएगी। इंटरनेशनल मॉडल जेटूर T2 की तुलना में इसके इंटीरियर का कलर स्कीम अलग हो सकता है, हालांकि डैशबोर्ड, सीट डिजाइन और स्टीयरिंग व्हील का लेआउट लगभग एक जैसा ही रहने की उम्मीद है।
शानदार फीचर्स और परफॉर्मेंस
फीचर्स की बात करें तो JSW कॉम्बैट में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 15.6-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, 12-स्पीकर वाला सोनी साउंड सिस्टम, पावर्ड फ्रंट सीट्स और 50W का वायरलेस फोन चार्जर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, लेवल-2 ADAS, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), 360-डिग्री कैमरा, हिल स्टार्ट असिस्ट और हिल डिसेंट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
पावरट्रेन और रेंज
इस नई PHEV एसयूवी के पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 1.5-लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और 18.4kWh बैटरी पैक के साथ जुड़ा होगा। 3-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन (DHT) के साथ इसका कुल आउटपुट 360hp की पावर और 610Nm का टॉर्क हो सकता है। भारतीय मॉडल में फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) सिस्टम दिए जाने की संभावना है। दावा है कि NEDC टेस्टिंग साइकिल के मुताबिक 18.4kWh की बैटरी सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड पर करीब 90 किमी की रेंज देगी। 70-लीटर के फ्यूल टैंक और फुल चार्ज बैटरी के साथ इसकी कुल रेंज 1,100 किमी से ज्यादा होने की उम्मीद है।
ऑफिशियल वेबसाइट भी हुई लॉन्च
JSW मोटर्स ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट http://www.jswmotors.com भी लॉन्च कर दी है, जहां ग्राहक आने वाली गाड़ियों के लिए अपनी दिलचस्पी दिखाकर प्री-रजिस्टर कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी के फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, X और यूट्यूब अकाउंट्स भी लाइव हो चुके हैं।

