परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों में बड़ा बदलाव

नई दिल्ली, 28 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव का मकसद राज्यों के बीच लोकसभा में मौजूदा प्रतिनिधित्व के अनुपात को बनाए रखना है। इस कदम को दक्षिणी राज्यों की उन चिंताओं को दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, जो आबादी के आधार पर होने वाले परिसीमन को लेकर थीं। डर था कि अगर ऐसा हुआ तो उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे ज्यादा आबादी वाले राज्यों में सीटें बहुत तेजी से बढ़ जाएंगी और दक्षिण के राज्यों का प्रतिनिधित्व घट सकता है। वर्तमान में लोकसभा की कुल 543 सीटें हैं, जो बढ़कर 850 हो जाएंगी। इसमें केंद्र शासित प्रदेशों की 35 सीटें भी शामिल हैं।
महिला आरक्षण का रास्ता साफ
परिसीमन का यह प्रस्ताव सीधे तौर पर महिला आरक्षण से जुड़ा हुआ है। परिसीमन के बाद, 2029 के चुनावों से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान लागू किया जा सकता है। अगर लोकसभा सदस्यों की कुल संख्या 850 तक पहुंचती है, तो इनमें से लगभग 280 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
| राज्य या केंद्र शासित प्रदेश | मौजूदा सीटें | परिसीमन के बाद सीटें |
|---|---|---|
| उत्तर प्रदेश | 80 | 120 |
| महाराष्ट्र | 48 | 72 |
| पश्चिम बंगाल | 42 | 63 |
| बिहार | 40 | 60 |
| तमिलनाडु | 39 | 59 |
| मध्य प्रदेश | 29 | 44 |
| कर्नाटक | 28 | 42 |
| गुजरात | 26 | 39 |
| आंध्र प्रदेश | 25 | 38 |
| राजस्थान | 25 | 38 |
| ओडिशा | 21 | 32 |
| केरल | 20 | 30 |
| तेलंगाना | 17 | 26 |
| असम | 14 | 21 |
| झारखंड | 14 | 21 |
| पंजाब | 13 | 20 |
| छत्तीसगढ़ | 11 | 17 |
| हरियाणा | 10 | 15 |
| दिल्ली | 07 | 11 |
| जम्मू और कश्मीर | 5 | 8 |
| उत्तराखंड | 5 | 8 |
| हिमाचल प्रदेश | 4 | 6 |
| अरुणाचल प्रदेश | 2 | 3 |
| दादरा और नगर हवेली | 2 | 3 |
| गोवा | 2 | 3 |
| मणिपुर | 2 | 3 |
| मेघालय | 2 | 3 |
| त्रिपुरा | 2 | 3 |
| अंडमान और निकोबार | 1 | 1 |
| चंडीगढ़ | 1 | 1 |
| लद्दाख | 1 | 1 |
| लक्षद्वीप | 1 | 1 |
| मिजोरम | 1 | 1 |
| नागालैंड | 1 | 1 |
| पुडुचेरी | 1 | 1 |
| सिक्किम | 1 | 1 |
कैसे बदलेगा लोकसभा का गणित
परिसीमन बिल के प्रस्ताव में कहा गया है कि सभी राज्यों में 50% सीटें बढ़ेंगी, लेकिन ऐसा पूरी तरह संभव नहीं दिखता। कई राज्यों में 50% बढ़ोतरी के बाद सीटों की संख्या पूर्णांक में नहीं आएगी। उदाहरण के लिए, तमिलनाडु में 50% बढ़ोतरी के बाद 58.5 सीटें होंगी। ऐसी ही स्थिति मध्य प्रदेश (29 सीटें), पंजाब (13) और दिल्ली (7) के साथ भी बनेगी। इसलिए, राउंड फिगर के तौर पर तमिलनाडु को 59 सीटें दी जा सकती हैं। यदि यही फॉर्मूला केंद्र शासित प्रदेशों पर भी लागू किया गया, तो लोकसभा की कुल सीटें 824 तक पहुंच सकती हैं। वहीं, जिन राज्यों में केवल एक सीट है, वहां इसे दोगुना करने पर 100% की बढ़ोतरी हो जाएगी, या फिर उस एक सीट को बिना किसी बदलाव के वैसे ही छोड़ना पड़ सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 816 ही रह जाएगी।

