Skip to content
मंगलवार, 24 नवंबर 2026
हिन्दी
ब्रेकिंग
INDIA

देशभर में बढ़ी ठंड; आने वाले दिनों में और गिर सकता है पारा

राजस्थान के फतेहपुर में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज, भोपाल 12.4 डिग्री के साथ मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। उत्तर प्रदेश के 15 शहरों में घना कोहरा छाया, लखीमपुर में विजिबिलिटी 25 मीटर से भी कम रही।

देशभर में बढ़ी ठंड; आने वाले दिनों में और गिर सकता है पारा

देश के कई हिस्सों में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में और कमी आ सकती है।

सोमवार को राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश का भोपाल 12.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। आने वाले दिनों में देश के कई इलाकों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है।

मंगलवार की सुबह उत्तर प्रदेश के 15 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। लखीमपुर में तो विजिबिलिटी गिरकर 25 मीटर से भी कम रह गई। राज्य में अगले हफ्ते न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों के दौरान ठंड और बढ़ने की संभावना है।

कश्मीर में सोमवार को छह शहरों में तापमान शून्य से नीचे चला गया। शोपियां -3.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि श्रीनगर में पारा -0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में कड़ाके की ठंड की वजह से मणिमहेश झील जम गई है। झील के ऊपर करीब 4 से 5 इंच मोटी बर्फ की परत जम चुकी है।

उत्तराखंड के चारों धामों में भी तापमान शून्य से नीचे चला गया है। गंगोत्री में सबसे कम -14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बद्रीनाथ में पारा -11 डिग्री रहा।

राजस्थान: माउंट आबू में 3 डिग्री पहुंचा पारा, चार शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान

उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने राजस्थान में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने राज्य में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

माउंट आबू में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर जिले के फतेहपुर में 4.6 डिग्री पारा रहा, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है।

अलवर, सीकर, पिलानी और श्रीगंगानगर में दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं। सीकर, टोंक, चुरु और नागौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। वहीं बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।

मध्य प्रदेश: 14 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज

मध्य प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर खत्म हो चुका है। अब यहां ठंड का असर और तेज होने की उम्मीद है।

सोमवार रात भोपाल में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के 14 शहरों में तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश: 15 शहरों में घना कोहरा, विजिबिलिटी 25 मीटर से कम

पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब उत्तर प्रदेश में भी साफ दिखने लगा है।

मंगलवार सुबह लखीमपुर, सीतापुर, बलिया, संभल, बिजनौर और मुजफ्फरनगर समेत 15 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। लखीमपुर में विजिबिलिटी गिरकर 25 मीटर से भी कम रह गई।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले हफ्ते न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के वक्त ठंड और ज्यादा बढ़ेगी।

उत्तराखंड: चारों धामों में पारा शून्य से नीचे

उत्तराखंड में 1 दिसंबर तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के वक्त सर्द हवाएं चल सकती हैं, जबकि ज्यादातर इलाकों में दिन के समय धूप खिली रहने की संभावना है।

पहाड़ी इलाकों में धुंध बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल तापमान में गिरावट की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है।

चारों धामों में पारा शून्य से नीचे चला गया है:

  • केदारनाथ: -7°C
  • बद्रीनाथ: -11°C
  • गंगोत्री: -14°C
  • यमुनोत्री: -8°C

आदि कैलाश में भी न्यूनतम तापमान -13°C दर्ज किया गया।

छत्तीसगढ़: पेंड्रा में घना कोहरा, 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा

उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट का अनुमान जताया है।

राज्य के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

मंगलवार की सुबह पेंड्रा घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जहां तापमान 17°C दर्ज किया गया। रायपुर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 20.4°C रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा था।

पंजाब और चंडीगढ़: 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

पंजाब और चंडीगढ़ में अगले चार दिनों तक मौसम सूखा रहने के आसार हैं। मंगलवार को आसमान साफ रहने और दिन में धूप खिलने की उम्मीद है।

सोमवार को पंजाब में सबसे कम तापमान पठानकोट में 7.1°C दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.2°C रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 नवंबर तक रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

हिमाचल प्रदेश: मैदानी इलाकों में घना कोहरा, जम गई मणिमहेश झील

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा बांध के आसपास विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो गई।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

इस बीच, कड़ाके की ठंड की वजह से चंबा जिले की मणिमहेश झील पूरी तरह जम गई है। झील के ऊपर करीब 5 इंच मोटी बर्फ की परत जम चुकी है।