पीएम सूर्य घर योजना के प्रति उदयपुर में उत्साह, 185 उपभोक्ताओं ने दिखाई रुचि
19 हजार से अधिक आवेदन, 14 हजार घरों में लग चुके हैं रूफटॉप सोलर पैनल
उदयपुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran)। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) और सिटी एक्सेलरेटर प्रोग्राम (CAP) टीम के संयुक्त समन्वय से उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को लेकर जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। 6 से 17 नवंबर तक चले इस शिविर में 185 उपभोक्ताओं ने अपने घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने में रुचि दिखाई और अपनी संपर्क जानकारी साझा की।
एवीवीएनएल के एसई केआर मीणा ने बताया कि शिविर में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। इसमें राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन, अधिकृत वेंडर का चयन, सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन, निरीक्षण, नेट मीटरिंग और सरकारी सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। एक ही स्थान पर सभी तकनीकी और औपचारिक जानकारियां मिलने से उपभोक्ताओं को योजना समझने और अपनी शंकाओं का समाधान करने में सुविधा मिली।

मीणा ने कहा कि उदयपुर में सौर ऊर्जा के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। विभाग का प्रयास है कि पात्र उपभोक्ताओं तक योजना की सही जानकारी पहुंचे और वे इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।
सीएपी कंसल्टेंट प्रियंक छाजेड़ ने शिविर में मिले सकारात्मक प्रतिसाद को रूफटॉप सोलर के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का संकेत बताया। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स से योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली बिल में बचत के साथ लंबे समय तक आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।
3 किलोवाट तक 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को घर की छत पर सोलर सिस्टम लगवाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। योजना के अनुसार 1 किलोवाट के सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है।
इसके अलावा राजस्थान में मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के पात्र लाभार्थियों को निर्धारित नियमों और पात्रता के अनुसार 17 हजार रुपये तक की अतिरिक्त राज्य सब्सिडी भी मिल सकती है। इस तरह पात्र उपभोक्ता कुल 95 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।
अपार्टमेंट और सोसायटियों के लिए भी उपयोगी
यह योजना व्यक्तिगत मकानों के साथ ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स के लिए भी उपयोगी है। सोसायटियों की साझा बिजली जरूरतों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। यह अधिकतम 500 किलोवाट तक लागू हो सकती है, जिसमें प्रति घर 3 किलोवाट की सीमा निर्धारित है।
इसके माध्यम से सोसायटियां लिफ्ट, पानी की मोटर, कॉमन एरिया की लाइट और स्ट्रीट लाइट जैसी साझा सुविधाओं के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग कर सकती हैं। इससे बिजली खर्च और मासिक मेंटेनेंस पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिल सकती है।
उदयपुर में 14 हजार घरों में लग चुके हैं सोलर पैनल
जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि आंकड़ों में भी दिखाई दे रही है। अब तक 19 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 14 हजार से ज्यादा घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। सेलिब्रेशन मॉल में आयोजित शिविर में 185 उपभोक्ताओं की रुचि भी इस दिशा में एक और कदम है।
योजना के तहत सब्सिडी का लाभ 31 मार्च 2027 तक लिया जा सकता है। पात्र घरेलू उपभोक्ताओं और आवासीय सोसायटियों से समय रहते योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की गई है।
योजना, ऑनलाइन पंजीकरण और अधिकृत वेंडर की जानकारी के लिए उपभोक्ता केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in पर जा सकते हैं।

